लोहरदगा: लोहरदगा के पूर्व विधायक सह झारखंड आंदोलनकारी कमल किशोर भगत के पत्नी नीरु शांति भगत ने शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थाम लिया है. झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने पार्टी की सदस्यता दिलायी. उनके साथ कई समर्थकों ने भी झामुमो की सदस्यता ली. विदित हो कि नीरु शांति भगत 2019 व 2024 में विधान सभा चुनाव लोहरदगा सीट पर आजसू के टिकट पर लड़ा था और दोनों ही बार उनको सफलता नहीं मिली और उन्हें हार का सामना करना पड़ा. विधानसभा चुनाव के बाद उन्होंने आजसू पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की थी.(नीचे भी पढ़े)

इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि नीरू शांति भगत झामुमो का दामन थाम सकती है. आज विधिवत एक सादे समारोह में झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर ली. विदित हो शुक्रवार को भोगनाडीह में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी ने पार्टी छोड़ी और झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर ली. झामुमो लगातार संगठन मजबूत करने में लगा हुआ है. एनडीए के घटक दलों को झारखंड में लगातार कमजोर करने के प्रयास में जुट गए है. साथ ही झामुमो को झारखंड के अलावा बिहार व प. बंगाल में विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी भी की जा रही है. संगठन को मजबूत करने के लिए संगठन के लिए काम करने वालों की जरुरत है, इसलिए पार्टी लगातार अपना जनाधार बढ़ाने में लगी हुई है.




