रांची : रांची के नामकुम थानांतर्गत टाइगर सराय में करीब 15 एकड़ में लगी अफीम की खेती को पुलिस ने नष्ट कर दिया. नामकुम थाना की पुलिस ने मंगलवार को टाइगर सराय क्षेत्र में छापामारी कर अफीम के सारे पौधों को नष्ट कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि नामकुम थाना प्रभारी अपने नशा विरोधी अभियान के तहत पूरे इलाके में खुद घूम-घूम कर नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी सुनील तिवारी को कई सूत्रों से थाना क्षेत्र के टाइगर सराय इलाके के बहुत बड़े भूभाग पर अफीम की अवैध खेती किये जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद श्री तिवारी ने एक टीम गठित कर गांव में छापामारी की. टीम ने तुरत कार्रवाई करते हुए करीब 15 एकड़ में लगे अफीम के पौधों को नष्ट कर दिया.












