
जमशेदपुर/रांची : विजया दशमी के मौके पर रावण का दहन करने की परिपाटी होती है. सत्य पर असत्य की जीत और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक यह पर्व झारखंड में धूमधाम के साथ मनाया गया. इस कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मोरहाबादी और अरगोड़ा में रावण दहन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विजय दशमी असत्य पर सत्य की, अन्याय पर न्याय, हिंसा पर अहिंसा की जीत का त्योहार है. इसी दिन भगवान राम ने रावण का और मां दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था. आज के समय में भारत में कई असुरी शक्तियां पनप रही हैं. उनका खात्मा करने का प्रण लेने का दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में धारा 370 का खात्मा कर इसी प्रकार की एक असुरी शक्ति का विनाश किया और कश्मीर को वास्तविक रूप से भारत का हिस्सा बनाया. इसी प्रकार आतंकवादियों के खिलाफ कड़े कानून बनाकर उनके मनोबल को तोड़ा है. यह सब मजबूत इच्छा शक्ति के कारण संभव हो पाया है.

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि आज ही वायु सेना दिवस है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सबसे घातक युद्धक विमान राफेल का भारतीय संस्कृति के अनुसार शस्त्र पूजन कर ग्रहण किया. यह हम सब के लिए गौरव का दिन है. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में भी कई असुरी राष्ट्रविरोधी शक्तियां व्याप्त हैं. उनको समाप्त करना का संकल्प लेना है. हमारे लिए राष्ट्र सबसे पहले और सर्वोपरी है. हमें सभी को एक सूत्र में बांध कर इन शक्तियों से निपटना है. किसी के बहकावे में न आकर हमें एकजूट रहना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक रूपी असुर का भी हमें खात्मा करना है. हमें प्रण लेना है कि सिंगल यूज प्लास्टिक को हम अपने जीवन से निकाल बाहर करेंगे. यह हमारी आनेवाली पीढ़ी के लिए बहुत जरूरी है. कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, रांची सांसद संजय सेठ, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पंजाबी हिंदू बिरादरी और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन कमेटी, अरगोड़ा के वरीय पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे. दूसरी ओर, जमशेदपुर में काशीडीह, सिदगोड़ा के बागुनहातू समेत आसपास के कई इलाके में भी रावण दहन किया गया.



