
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के सटे खूंटी जिले में एक बार फिर से झारखंड को शर्मसार कर देने वाली घटना घटी है. खूंटी के कालामाटी के पास पांच आदिवासी बच्चियों के साथ गांव के ही लड़कों ने सामूहिक बलात्कार (गैंगरेप) कर दिया है. एक साल पहले ही पांच लड़कियों का इसी तरह से गैंगरेप खूंटी जिले में ही हुई थी, जिससे पूरा देश सहम गया था. पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इस जिले में एक बार फिर से गैंगरेप लड़कों ने कर दिया है. आपको बता दें कि खूंटी से ही सांसद चुनकर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा आते है.
घटना के संबंध में अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक, मकर संक्रांति के अवसर पर खूंटी जिले के रंग रोडी मेला से करीब छह लड़कियां अपने गांव फूंदी लौट रही थी. इसी दौरान कालामाटी गांव के पास करीब सात लड़कों ने उन सारी लड़कियों को सुनसान इलाका देखकर पकड़ लिया और बारी-बारी से बलात्कार करने लगे. मौके से दो लड़कियां भागने में कामयाब रही. भागने वाली लड़कियां किसी तरह घर पहुंची तो उन लोगों ने गांव के लोगों से सारी जानकारी दी. सामूहिक बलात्कार के बाद पीड़ित लड़कियां किसी तरह अपने घर पहुंची तो उन लोगों ने सबको घटना के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद मुखिया ने इसकी जानकारी खूंटी पुलिस को दी. खूंटी पुलिस मामले की जांच कर रही है और दावा कर रही है कि सबकी पहचान हो गयी है और सबको गिरफ्तार कर लिया जायेगा. खूंटी पुलिस ने सबका इलाज करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. मेडिकल जांच करायी गयी है. पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है.
खूंटी में पिछले साल हुआ था गैंगरेप
पिछले साल खूंटी जिले के कोचांग इलाके में सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के लिए नाटक कर लौट रही पांच लड़कियों के साथ गैंगरेप हुआ था. इस मामले में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया था. बंदूक की नोंक पर इस कांड को अंजाम दिया गया था. इस मामले से देश भर में सनसनी फैल गयी थी.







