रांची : झारखंड स्टेट बार काउंसिल (जेएसबीसी) को नया अध्यक्ष मिल गया है. बुधवार को हुए चुनाव में अभय कुमार चतुर्वेदी अध्यक्ष निर्वाचित हुए. वहीं, उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भकत ने जीत दर्ज की. बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य पद पर प्रशांत कुमार सिंह निर्वाचित घोषित किये गये. प्रशांत कुमार सिंह वर्तमान में भी बीसीआई के सदस्य हैं. इससे पहले वरीय अधिवक्ता राजेंद्र कृष्ण झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष पद संभाल रहे थे. वे अध्यक्ष पद पर वर्ष 2020 में निर्वाचित हुए थे, जबकि निवर्तमान उपाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला वर्ष 2012 से लगातार अब तक पद की जिम्मेवारी संभाल रहे थे.चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही काउंसिल परिसर में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला.(नीचे भी पढ़े)
अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया.अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और बीसीआइ सदस्य पद के लिए बुधवार को सुबह 11.15 बजे मतदान शुरू हुआ. झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्यों के अलावा राज्य के महाधिवक्ता रोहित राय ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह चुनाव में कुल 26 मतदाताओं ने हिस्सा लिया. मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना शुरू की गयी. मतगणना समाप्त होने पर चीफ रिटर्निंग ऑफिसर जस्टिस अंबुज नाथ ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की.












