जमशेदपुर: वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड के दो दिवसीय प्रांत स्तरीय नगरीय समिति कार्यकर्ता वर्ग का समापन सेवा, संगठन और सामाजिक दायित्वों के प्रति नए संकल्प के साथ बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर भवन में संपन्न हुआ. वर्ग के विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यपद्धति, सेवा कार्यों के विस्तार तथा समाज के बीच प्रभावी भूमिका को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.
द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में उत्तर मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रफुल्ल आकांत ने ‘संगठन सेवा कार्यों की नई दिशा, वर्तमान जनजाति समाज और हमारी भूमिका’विषय पर विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं में दायित्व-बोध, नियमित बैठक एवं कार्य-विभाजन की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि भारत की गौरवशाली परंपरा वीरता और त्याग से समृद्ध रही है तथा स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय वीरों का योगदान अविस्मरणीय है. उन्होंने जनजातीय समाज के प्रति अधिकार की दृष्टि से आगे बढ़कर सम्मान, अपनत्व और आत्मीयता का भाव विकसित करने तथा सेवा को आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन से जोड़ने पर बल दिया. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पुस्तकालय, विद्यालयों में लेबोरेट्री एवं घुमंतू लेबोरेट्री, निःशुल्क एवं सिविल सेवा कोचिंग, स्वास्थ्य सुविधाएं, कौशल विकास तथा महिला रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता बताई. रागी, वनौषधियों एवं वन सब्जियों जैसे स्थानीय संसाधनों को स्वास्थ्य और आजीविका से जोड़ने के साथ भगवान बिरसा मुंडा जैसे महापुरुषों की जीवनगाथा तथा लोक-सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण को भी सेवा कार्यों का महत्वपूर्ण आयाम बताया.द्वितीय सत्र में क्षेत्रीय नगरीय कार्य प्रमुख हिरेंद्र सिन्हा एवं अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय ने नगरीय क्षेत्रों में संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर मार्गदर्शन दिया.समापन सत्र का संचालन जमशेदपुर विभाग संगठन मंत्री प्रमोद नाथ ने किया. दीनबंधु सिंह के सामूहिक गीत से प्रारंभ सत्र में अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय , प्रदेश अध्यक्ष सुदन मुंडा एवं प्रांत नगरीय कार्य प्रमुख प्रदीप महतो मंचासीन रहे. प्रदीप महतो ने नगरीय कार्य की दिशा पर विचार रखे, जबकि गुमला विभाग महिला प्रमुख सुश्री विनीता इंदवार ने एकल गीत प्रस्तुत किया. भगवान सहाय ने कार्यकर्ताओं से सेवा कार्यों को समाज के बीच और प्रभावी ढंग से विस्तार देने का आह्वान किया. प्रदेश अध्यक्ष सुदन मुंडा ने पाथेय प्रदान करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया.(नीचे भी पढ़े)

इस प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मुख्य रूप से प्रांत संगठन मंत्री सुशील मरांडी , सह संगठन मंत्री कामेश्वर साहू,प्रदेश महामंत्री धनंजय सिंह, प्रदेश मंत्री विनीत लाल, प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख अमित सिंह, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र झुनझुनवाला , उपाध्यक्ष सुशील अग्रवाल, महानगर सचिव ललित सिंघानिया, महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता जायसवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू मुंडा, सचिव श्रीमती प्रतिभा रानी मिश्रा, श्रीमती दुर्गा काटीवाल, सुरा बिरूली, नवनीत सिंह, सतनाम सिंह, सुशील कुमार पांडे, अमिताभ सेनापति, काजू शांडिल सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे. दो दिवसीय वर्ग ने कार्यकर्ताओं में संगठन की स्पष्ट दृष्टि, सेवा की नई ऊर्जा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हुए ‘ग्रामवासी-नगरवासी, हम सब भारतवासी’के भाव से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प को और मजबूत किया.अंत में निश्चिंतपुर शिशु मंदिर की आचार्या सुश्री सुलेखा महतो के नेतृत्व में वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ दो दिवसीय वर्ग का भावपूर्ण समापन हुआ.




