रांची : झारखंड में एक बार फिर से बारिश का सिलसिला तेज होने वाला है. मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 3 सितंबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही कई जिलों में येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है. बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया के कारण मानसून की सक्रियता बढ़ी है, जिससे अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. राज्य में 1 जून से 28 अगस्त तक कुल 1007.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 778.3 मिमी होती है. इस तरह झारखंड में अब तक सामान्य से 29 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है. बीते दो दिनों से मानसून कमजोर था, लेकिन लो-प्रेशर बनने से अब बारिश की रफ्तार फिर से तेज होगी.(नीचे भी पढे)
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है. राज्य में अब तक सामान्य से 29 फीसदी अधिक बारिश हुई. 29 अगस्त को राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. (नीचे भी पढ़े)
गोड्डा, दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी किया गया है. 30 और 31 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, लोहरदगा, पलामू, चतरा, लातेहार, गढ़वा और गुमला में वज्रपात व भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट लागू किया गया है. जमशेदपुर में 1 जून से 29 अगस्त के बीच पूरे राज्य में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड किया गया है. इसके तहत 1501.5 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि सामान्य तौर पर इस दौरान 844.2 मिलीमीटर बारिश होती है. जमशेदपुर में 78 फीसदी अधिक बारिश हुई है.




