रांची : झारखंड में भारी बारिश का कहर हर जगह टूटा है. राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले में भारी बारिश के कारण एक बड़ा हादसा हुआ है. तोरपा-सिमडेगा रोड का एक पुल भारी बारिश में धंस गया है, जिसमें एक ट्रक फंस गया है. पुल के धंसने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है. पुल के धंसने की घटना बुधवार को हुई, जब एक ट्रक पुल को पार कर रहा था. पुल के धंसने से ट्रक पुल पर ही फंस गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है. स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है. ट्रक को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुल के धंसने से तोरपा और सिमडेगा के बीच यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है. लोगों को अब वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करनी होगी, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर, खूंटी जिले में ही लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते एक बड़ा हादसा टलते-टलते रह गया. अड़की थाना क्षेत्र के सोनपुर और डोरेया गांव के बीच करकरी नदी पर निर्माणाधीन पुल पर छह मजदूर फंस गए हैं. घटना बुधवार शाम की है, जब अचानक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और मजदूरों की जान पर बन आई. जानकारी के अनुसार, फंसे मजदूरों में रोहित सहित कुल छह लोग शामिल हैं, जो पुल निर्माण कार्य पूरा करने के बाद उसी पर रुक गए थे. बुधवार की शाम अचानक तेज बारिश हुई, जिससे करकरी नदी का पानी तेजी से उफान पर आ गया और मजदूर नीचे उतरने में असमर्थ हो गए. रोहित ने मोबाइल से संपर्क कर बताया कि वे सभी पुल पर सुरक्षित हैं, लेकिन चारों ओर से पानी घिर चुका है और हालात बिगड़ते जा रहे हैं. अन्य मजदूर जो नीचे थे, उन्होंने भी तुरंत प्रशासन को सूचना दी. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है. एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और जल्द से जल्द मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटी हैं. पुल के आसपास स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है, जो स्थिति को चिंताजनक नजरों से देख रही है. वहीं प्रशासन का कहना है कि बचाव कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है और सभी संसाधन लगाए जा रहे हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, फंसे सभी मजदूर झारखंड के रामगढ़ और डालटेनगंज जिलों के निवासी हैं. फिलहाल सभी मजदूरों की स्थिति स्थिर है, लेकिन जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण खतरा बरकरार है. (नीचे भी पढ़ें)
मौसम विभाग के अनुसार, खूंटी और आसपास के क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में बचाव अभियान और भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है. दूसरी ओर, खूंटी के ही मुरहू में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. इस हादसे में दो नाबालिग बालक कुएं में दब गए हैं. उनको निकालने में पूरा प्रशासन लगा हुआ है लेकिन दोनों बालकों को कुएं से निकाला नहीं जा सका है. प्रशासन ने अब एनडीआरएफ की टीम को सूचित किया है ताकि वह कुएं में गिरे बच्चों को निकाल सके. वहीं, टंडवा के चुंदरु धाम मंदिर के सामने की घटना घटी है. बाइक सवार बहते बहते बचा है. प्रशासन के निर्देश के बावजूद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, हजारीबा भारी बारिश की वजह से गोरहर थाना क्षेत्र के गोरहर पुल के पहले एनएच 19 के पास सियाराम बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है. हादसे में 10 लोगों के घायल होने की खबर है. घायलों का इलाज बरकट्ठा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रहा है , बस कोलकाता के बाबू घाट से गया जा रही थी, भारी बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी और गाड़ी पलट गई. इस बीच हर जिले में लगातार बारिश हो रही है. झारखंड के विभिन्न जिलों में 24 जून तक बारिश होगी वहीं राज्य में रांची सहित आसपास के कई जिलों में हो रही भारी बारिश से आमजन जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. रांची, खूंटी, हजारीबाग, लोहरदग्गा, गुमला सहित कई जिलों में हो रही भारी से राजधानी रांची बिजली की स्थिती चरमरा गई है. कई मुहल्लों में बिजली कटने और लो वोल्टेज की समस्या रही. पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश खूंटी जिले के अड़की में 155.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. वही रांची में 47.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं जमशेदपुर में 68.8, डालटेनगंज में तीन, बोकारो में 20.6, चाईबासा में 23 मिमी, देवघर में 21, हजारीबाग में 22, खूंटी में 19.5, लातेहार में 24.5, सरायकेला-खरसावां में 54 तथा सिमडेगा में 36.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.














