रांची : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में पिछले 24 घंटे में मॉनसून कमजोर रहा. राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. सबसे अधिक वर्षा 60.8 एमएम खूंटी में दर्ज की गयी. वहीं सबसे अधिक उच्चतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में रिकॉर्ड की गयी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि की संभावना है. तत्पश्चात अगले 4 दिनों के लिए कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वानुमान में बताया गया है कि 19 से 22 जुलाई तक राज्य में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है. वहीं 23 और 24 जुलाई को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में भारी वर्षा की संभावना है. इन जिलों में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां जिला शामिल है.



