जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात भुइयांडीह बस स्टैंड के पास पुलिस एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस ने लाल रंग की कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कार रोकने के बजाय तेज रफ्तार में आगे बढ़ गया. इसके बाद कार ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर भी मारी और चालक पुलिस से बचकर भागने की कोशिश करने से लगा. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पीसीआर टीम सक्रिय हुई और भुइयांडीह बस स्टैंड से बागुनहातु चौक तक कार का पीछा किया. पुलिस के पीछा करने के दौरान टीमकेन कंपनी के पास कार के आगे के दोनों टायर कथित तौर पर फट गए, जिसके बाद कार रुक गई. पुलिस ने मौके पर कार को घेर लिया और उसमें सवार दो युवक और दो युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले गई. हादसे में लाल रंग की कार को काफी नुकसान पहुंचा है. हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जानकारी के अनुसार कार में सवार युवक-युवतियों की उम्र कम प्रतीत हो रही थी, हालांकि उनके नाबालिग होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस ने कार से बेसबॉल बैट, शराब की बोतलें और सिगरेट के खाली पैकेट भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि कार कौन चला रहा था और आखिर पुलिस को देखकर चालक ने कार क्यों नहीं रोकी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.







