जमशेदपुर : अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जमशेदपुर एवं सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है. मंगलवार, 29 सितंबर को पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में सोनारी थाना और कपाली थाना की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से डोभो पुल के पास एक घर में छापेमारी कर करीब तीन किलो गांजा और 5 लाख 19 हजार रुपये नकद बरामद किए. दो लोग पकड़े गए. बाकी लोग फरार हो गए. पुलिस को सूचना मिली थी कि डोभो पुल के आसपास मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े लोग सक्रिय हैं. सूचना के आधार पर दोनों जिलों की पुलिस ने समन्वय स्थापित कर इलाके में छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई. तलाशी के दौरान पुलिस को गांजा और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई. बरामद गांजे को पुलिस ने जब्त कर लिया है. वहीं, 5.19 लाख रुपये नकद मिलने को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है कि यह रकम मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़ी है या इसके पीछे किसी अन्य आपराधिक गतिविधि का कनेक्शन है. पुलिस टीम बरामद सामान के स्रोत और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
डोबो पुल बना पुलिस के रडार पर : डोबो पुल जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी. साथ ही नकदी के संबंध में भी पूछताछ और तकनीकी जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
संयुक्त कार्रवाई को दोनों जिलों के बीच आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. पुलिस बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है. मामले में संलिप्त लोगों की पहचान, गिरफ्तारी और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी गई है.




