
रांची : झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झामुमो ने भाजपा पर करारा हमला किया है. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को रांची में संवाददाता सम्मेलन किया और बताया कि भाजपा की रघुवर दास की सरकार घोटालों की सरकार थी. पारदर्शी सरकार का दावा करने वाले लोग अब जांच से घबराने लगे है. झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व की भाजपा के रघुवर दास की सरकार में ऐसा घोटाला हुआ कि चेचक की दाग की तरह उसको जितना भी धो लें, वह साफ नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि रघुवर दास की सरकार में हाईकोर्ट का निर्माण का घोटाला हुआ, विधानसभा निर्माण कार्य में घोटाला किया गया, चॉकलेट घोटाला हो गया, सारे घोटाले हो गये और अब जब मुख्यमंत्री ने सारे मामले की जांच कराना शुरू किया तो वे लोग भागने लगे. अरे जांच होने दीजिये, जब आप सही है तो जांच से घबरा क्यों रहे है. उन्होंने कहा कि अब तक तो कोरोना की जांच में लगी थी और इसका इलाज हो रहा था. उन्होंने कहा कि अब तो जांच शुरू की गयी है. जब जांच शुरू हुई तो सरकार को पारदर्शी सरकार कहने वाली भाजपा जांच से घबराने लगी है. उन्होंने कहा कि सरयू राय के लिखे दस्तावेजी किताब रहबर की राहजनी में दिये तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि किस तरह से एक विशेष समूह पर लगे 625 करोड़ की पैनाल्टी को एक दिन में बदलकर 225 करोड़ रुपये कर दिया गया. आज जब यह बातें सामने आयी तो पसीने छूट रहे है. लोग कल तक यह कहते थे कि केस से नहीं डरते है. उन्होंने कहा कि 2014 से लेकर 2019 तक का घोटाला काफी ज्यादा हुआ है. 400 करोड़ का कोनार डैम घोटाला हो, अरबों का मोमेंटम घोटाला या हाईकोर्ट और विधानसभा निर्माण का घोटाला या फिर चॉकलेट चोरी का घोटाला हो, सबकी जांच हो रही है.




