सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिला के कांड्रा पदमपुर स्थित आधुनिक पावर एंड नेचुरल रिसोर्स लिमिटेड कंपनी के गेट को विस्थापित प्रभावी स्वावलंबी सहयोग समिति ने अपने लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन जाम कर दिया है. इस संबंध में विस्थापित समिति के अध्यक्ष कृष्णा बास्के ने बताया कि विगत 4 महीनों से विस्थापितों की समस्या, रोजगार एवं जमीन के मुआवजे को लेकर मांग पत्र सौंपा गया था, परंतु कंपनी प्रबंधन के कान में जूं तक नहीं रेंगी जिससे बाध्य होकर मंगलवार सुबह से कंपनी गेट को अनिश्चितकालीन जाम किया गया.(नीचे भी पढ़े)

गेट जाम में काफी संख्या में कंपनी में कार्यरत विस्थापितों के साथ- साथ स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. वहीं विस्थापित इस बार आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं. इधर दूसरी ओर कंपनी के जीएम लैंड लाइजनिंग अरुण कुमार ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है. विस्थापित प्रभावित स्वाबलंबी समिति का दावा है कि अरुण कुमार ने उनकी मांगों को कंपनी द्वारा अनसुना किए जाने के कारण इस्तीफा दिया है.अरुण कुमार से संपर्क करने पर उन्होंने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है, लेकिन इस्तीफे के कारणों पर चुप्पी साध ली.














