खरसावां: सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड अंतर्गत छोटा सेगोई पंचायत के तोड़ागडीह गांव में बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत उपस्थित थे. जनता दरबार में स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न समस्याएं उठाईं. कांडरकुटी के बालकृष्ण मुंडा ने सड़क मरम्मत की मांग रखी. (नीचे भी पढ़े)

नेहलडीह के नेहाल गोप ने खरसावां-कुचाई क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता जताई. बड़ासेंगुर की श्रीमती माधुरी हेंब्रम ने खराब सड़कों से मरीजों को हो रही परेशानी की बात कही. जनता दरबार में उपस्थित विभागों के स्टॉल के माध्यम से कई मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया. उपायुक्त ने नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि जिन मामलों का समाधान जिला या प्रखंड स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

श्री सिंह ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर जाकर आमजन की समस्याओं को सुनना और स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है. विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी आवश्यक है और ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवेदन करने की अपील की. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, डीआरडीए निदेशक डॉ अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला और अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.




