
जमशेदपुर : होली को देखते हुए कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह ने शनिवार को जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में मुख्य रूप से एसएसपी, एसपी सिटी, एएसपी, सभी डीएसपी और जिले के सभी थानेदार मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखना था. इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सरकार द्वारा होली के लिए दिए गए गाइडलाइन का पालन करवाने को कहा. डीआईजी ने बताया कि कोविड को लेकर सरकार द्वारा होली के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई है. जिसके अनुसार किसी भी सार्वजनिक जगह पर होली नहीं मनाई जाएगी. इसका ध्यान रखते हुए सभी थानेदारों को निर्देश दिया गया है. साथ ही होली को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था भी बनी रहे इसका भी ध्यान रखा जायेगा. उन्होंने कहा कि होली के दौरान हुड़दंगियों पर भी पुलिस की नजर रहेगी. हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
किसी भी समस्या के लिए 100 डायल पर पुलिस को दें सूचना
कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि इस साल भी सार्वजनिक जगहों पर होली नहीं होगी. अगर ऐसे में कोई भी सार्वजनिक स्थानों पर होली खेलता है तो इसकी जानकारी 100 डायल पर या नजदीकी पुलिस स्टेशन को दे. पुलिस उनपर कार्रवाई करेगी. उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी और शांति प्रिय तरीके से होली का आनंद घर पर लेने को कहा.






