
जमशेदपुर : ईचागढ़ के पूर्व विधायक भाजपा नेता साधु चरण महतो का पार्थिव शरीर देर रात जमशेदपुर पहुंचा. वैसे दिनभर उनकी मौत पर शोषल मीडिया पर मातम मनानेवाले ज्यादातर भाजपाई उनके पार्थिव शरीर को रिसीव करने भी नहीं पहुंचे. हालांकि उनके राजनीतिक जीवन में कंधे से कंधा मिलाकर चलनेवाले जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, आदित्यपर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित सिंह, भाजपा नेता कुणाल षाड़ंगी, कुलवंत सिंह बंटी, सतवीर सिंह सोमू, विशाल चौधरी, दिवंगत पूर्व विधायक के पारिवारिक सदस्यों के साथ ईचागढ़ के भाजपा नेता व कार्यकर्ता टाटा मुख्य अस्पताल में जमे रहे. जमशेदपुर महानगर भाजपा के नेतागण नदारद रहे. गौरतलब है कि मंगलवार सुबह कोलकाता स्थित रविंद्र नाथ टैगोर अस्पताल में निधन हो गया. जिसके बाद कोल्हान की राजनीति में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. इधर मामले की जानकारी मिलते ही दिवंगत विधायक के चाहने वाले सड़क मार्ग से कोलकाता पहुंचे. जहां से उनके पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से जमशेदपुर लाया गया. मंगलवार देर रात 10:30 बजे के आसपास दिवंगत पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर शहर पहुंचा. दिवंगत पूर्व विधायक के पार्थिव शरीर को टाटा मुख्य अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया. कल यानी बुधवार को 7 बजे सर्वप्रथम उनके पार्थिव शरीर को चांडिल आवास ले जाया जाएगा. जहां से दिवंगत पूर्व विधायक की शव यात्रा निकाली जाएगी. जो चौका होते हुए कांड्रा पहुंचेगी. वहां से दुगनी होते हुए रंगाटांड़ फुटबॉल मैदान, उदयपुर होते हुए श्री डूंगरी आवास पहुंचेगी. उसके बाद शव यात्रा बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट तक जाएगी. जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान उनके शुभचिंतकों के दर्शनार्थ जगह-जगह शव रखा जाएगा. जहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी. दिवंगत पूर्व विधायक के मौत की खबर के बाद उनके शुभचिंतकों एवं चाहनेवालों में मायूसी छा गई है. टीएमएच में झमुमो के भी नेता मौजूद रहे. वैसे जमशेदपुर महागर भाजपा के नेताओं का नहीं जुटना चर्चा का विषय रहा.



