जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के नवनियुक्त सीनेट सदस्य सोनू ठाकुर ने जमशेदपुर के करनडीह स्थित एलबीएसएम महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया. उनके आगमन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एके झा एवं अन्य प्राध्यापकों ने उनका अंगवस्त्र व पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया. निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के एजेंसी कर्मचारियों ने श्री ठाकुर से भेंट कर विगत कई माह से लंबित वेतन भुगतान की समस्या से अवगत कराया. कर्मचारियों ने बताया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. (नीचे भी पढ़े)
प्राचार्य डॉ एके झा ने भी महाविद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक चुनौतियों की जानकारी सीनेट सदस्य को दी और विश्वविद्यालय स्तर पर त्वरित समाधान हेतु आग्रह किया. सोनू ठाकुर ने सभी की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और स्पष्ट किया कि वे इन मुद्दों को विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित प्राधिकारियों तक शीघ्रता से पहुंचायेंगे. उन्होंने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनका उद्देश्य सभी शैक्षणिक परिसरों में सुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की नींव तभी मजबूत हो सकती है जब सभी कर्मचारियों को समय पर उनका हक़ एवं छात्रों को अच्छा शैक्षणिक माहौल मिले और महाविद्यालयों को संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो. सीनेट सदस्य सोनू ठाकुर ने प्राचार्य ए.के.झा जी से मिलकर विश्वविद्यालय के प्रवक्ता बनाए जाने पर उनको बधाई भी दी.



