जमशेदपुर/सरायकेला : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट के बाद सीमावर्ती सरायकेला-खरसावां जिले में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने जमशेदपुर के साथ-साथ सरायकेला पुलिस को भी हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. इसी क्रम में गुरुवार शाम गम्हरिया थाना परिसर में उच्चस्तरीय अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने की. बैठक में जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों और सभी थाना प्रभारियों को बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
डीआईजी ने सभी बैंकों, वित्तीय संस्थानों और एटीएम के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को पुख्ता करने को कहा. उन्होंने हालिया बैंक लूट की घटना के फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अंतरजिला सीमाओं पर 24 घंटे सघन वाहन जांच अभियान चलाने का भी निर्देश दिया. बैठक में जिले की समग्र विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई. आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया. इसके अलावा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दी. बैठक में सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी, सरायकेला एवं चांडिल अनुमंडल के एसडीपीओ समेत जिले के सभी थाना प्रभारी और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. गौरतलब है कि गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर लाखों रुपये नकद और सोना लूटने की वारदात को अंजाम दिया था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अपराधी रेनकोट पहनकर बैंक में दाखिल हुए थे और उन्होंने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की थी. पुलिस के अनुसार लूटे गए सामान में 42 लाख रुपये से अधिक नकदी और सोना शामिल होने की बात सामने आई है.




