जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बैंक डकैती के दूसरे ही दिन गोलमुरी बाजार के एक आरती ज्वेलरी रिपेयरिंग दुकान में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर दुकान का वेंटिलेटर काटकर अंदर घुसे और दुकान में रखे करीब 3.30 से 4 लाख आभूषण लेकर फरार हो गये. चोरों ने दुकान में रखे लगभग सभी ज्वेलरी को साफ कर दिया. वही 15 हजार रखें कैश भी गायब है. (नीचे भी पढ़ें)

सुबह दुकान खोलने पर चला चोरी का पता : शुक्रवार की सुबह दुकान संचालक प्रनव राय दुकान पहुंचे और शटर खोला, तो अंदर का सामान बिखरा देखकर अवाक रह गये. दुकान की जांच करने पर चोरी की घटना का पता चला. उन्होंने बताया कि इस दौरान चांदी के आभूषण समेत सोने के जेवरात गायब मिले, जिसकी कीमत 3.50 से 4 लाख रुपए थी. वही 15000 रुपए नगद भी गायब है. इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना गोलमुरी थाना पुलिस को दी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण : सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास के इलाके की जांच करते हुए चोरों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. आशंका जतायी जा रही है कि चोरों ने पहले दुकान की रेकी की होगी और इसके बाद मौका देखकर घटना को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि जमशेदपुर में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. गुरुवार को जहां अपराधियों ने गोलमुरी के केनरा बैंक में करोड़ों के डकैती की घटना को अंजाम दिया. वहीं, शुक्रवार को अपराधियों ने उसी बैंक से चंद कदम की दूरी पर स्थित गोलमुरी बाजार के सोनार दुकान से लाखों के गहनों की चोरी कर ली. गोलमुरी बाजार के बीचोबीच स्थित उक्त दुकान का वेंटिलेटर काटकर चोरों ने सोना और चांदी की चोरी कर ली. वहां सोना और चांदी के गहनों की रिपेयरिंग का काम होता था. पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







