
चाईबासा : लॉकडाउन अवधि में फंसे हुए प्रवासी लोगों को सहयोग करने के बजाय भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा नकारात्मक राजनीति कर रहे है। प्रवासी मजदूरों को सहयोग के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। केंद्र सरकार के नकारात्मक रवैये के कारण ही झारखण्ड राज्य के लोग अन्य प्रदेशों में फंसे हुए है । उक्त बातें जिला कांग्रेस के त्रिशानु राय , लक्ष्मण हासदा , बबलू कुमार रजक , चंद्रशेखर दास , केरसे सोय , सुशील कुमार दास व अन्य कांग्रेसियों ने कही।
उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों में फंसे लोगों के सहयोग के लिए भाजपा नीत केन्द्र सरकार से सकारात्मक पहल करने के बजाय लक्ष्मण गिलुवा सिर्फ राजनीति बयानबाजी कर रहे है। फंसे लोग आज भाजपा की करनी का फल भुगतने को विवश हैं, क्योंकि भाजपा के शासनकाल में रोजगार देने के लिए कोई काम ही नहीं हुआ। लॉकडाउन के कारण प्रवासी लोगों को जो भी कठिनाई हो रही है उसकी नैतिक जिम्मेवारी भाजपा को लेनी चाहिए।
कांग्रेसियों ने कहा कि दूसरे राज्यों में फंसे लोगों के लिए महागठबंधन नित झारखंड सरकार हर संभव प्रयास कर रही है, लेकिन केंद्र सरकार की नकारात्मक सोच के कारण ही अब तक काफी लोगों को झारखंड वापस नहीं लाया जा सका है। राज्य गठन से लेकर अधिकांश समय भाजपा झारखंड की सत्ता पर काबिज रही, लेकिन शिक्षा-रोजगार के क्षेत्र में भी कोई काम नहीं किया जिससे मजबूरन लोगों को दूसरे प्रदेशों की तरफ रुख करना पड़ता है।
उन्होने कहा कि लक्ष्मण गिलुवा के बयान जनता की मदद में विफल राज्य सरकार व कोड़ा दंपति पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए शुक्रवार को कांग्रेसियों ने कहा कि स्थानीय सांसद गीता कोड़ा क्षेत्र के लोगों को हर संभव सहायता करने को निरंतर प्रयासरत है , वहीं जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु द्वारा प्रवासी मजदूरों के खाते में आठ लाख चालीस हजार रुपए भेजने के साथ ही हर संभव सहायता को निरंतर प्रयासरत है । कांग्रेसियों ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष , पूर्व सांसद लक्ष्मण गिलुवा को ओछी राजनीति नहीं करने तथा घड़ियाली आँसू नहीं बहाने की सलाह दे हुए कहा है कि यह राजनीति करने का वक्त नहीं है।





