अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के एनआईसीयू में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गयी. तीसरे मंजिल पर स्थित चाइल्ड केयर यूनिट में 39 नवजात भर्ती थे. इनमें 3 नवजातों की मौत हो गई. 36 को बचाया गया. अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के अनुसार एनआईसीयू के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात भर्ती थे. आग इसी हिस्से में फैली, जिसमें 3 बच्चे उसकी चपेट में आ गए. बाकी 6 बच्चों को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है. इन छह बच्चों की मौजूदा स्थिति को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.योगेश सावरकर ने बताया कि उनकी पत्नी और 8 दिन का बच्चा अस्पताल में भर्ती था. वह रात में अस्पताल के बाहर सो रहे थे.(नीचे भी पढ़े)

एनआईसीयू में आग और धुआं फैलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.उन्होंने बताया कि वे पहली मंजिल पर पहुंचे और अपने बच्चे को गोद में लेकर नीचे भागे. उन्होंने बताया कि वहां मौजूद दूसरे बच्चों के शरीर पर काली राख जमी हुई थी. परिजन अपने बच्चों को बचाने के लिए वार्ड की ओर दौड़ रहे थे. गार्ड सबसे पहले बच्चों को बचाने के लिए वार्ड में पहुंचे.उन्होंने बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया. एक नर्स भी बच्चों की जान बचाने में मदद कर रही थी. आग तेजी से फैल रही थी और वार्ड में धुआं भर गया था, जिससे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.




