जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिंहा के निधन पर हर वर्ग शोक में डूबा है. कई लोगों ने उनके निधन पर शोक जताया हैं. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के आकस्मिक निधन को दुःखद एवं मर्मांहत बताया है. अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि उनसे अभी काफी उम्मीदें थीं. इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि के साथ वे एक कुशल प्रबंधक थे. जमशेदपुर की जनसुविधा ज़रूरतों के पर्याय व्यक्तित्व के नहीं रहने से सुधार के प्रयासों को धक्का लगा है. दूसरी ओर, पोटका के विधायक संजीव सरदार ने टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा के अचानक हुए निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि ऋतुराज सिन्हा का चले जाना पूरे जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति है.(नीचे भी पढ़े)
वे एक दूरदर्शी, विनम्र और कर्मठ प्रशासक थे, जिनसे शहर के जनसुविधा विकास को लेकर कई उम्मीदें जुड़ी थीं. विधायक ने कहा कि उनकी नेतृत्व क्षमता और जनसरोकारों को समझने की प्रतिबद्धता ने हमेशा प्रभावित किया. विधायक संजीव सरदार ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की. टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह और सहायक सचिव नितेश राज ने कहा है कि जमशेदपुर के विकास में ऋतुराज सिन्हा की एक बहुत बड़ा भूमिका थी. सारा शहर उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद रखेगा.उनके ऐसे असामयिक मौत से यूनियन और शहरवासी स्तब्ध हैं.(नीचे भी पढ़े)
टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने व्यक्त की गहरी शोक संवेदना, कहा- शहर ने खो दिया एक दूरदर्शी अधिकारी
जमशेदपुर: टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा का रविवार को अचानक निधन हो गया. लगभग 55 वर्ष की आयु में उनके इस असामयिक निधन से उद्योग जगत, टाटा स्टील और जमशेदपुर शहर में शोक की लहर है. ऋतुराज सिन्हा के निधन पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि ऋतुराज सिन्हा जमशेदपुर के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा चिंतित और सजग रहते थे. मिलनसार व्यक्तित्व के धनी ऋतुराज सिन्हा ने हमेशा शहर के विकास को प्राथमिकता दी. उनका यूं असमय चले जाना टाटा स्टील एवं पूरे शहर के लिए बहुत बड़ी क्षति है. कहा कि जमशेदपुर एवं टाटा स्टील ने एक दूरदर्शी अधिकारी को खो दिया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा के शांति की प्रार्थना की है.














