
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 से रानी परवीन ने वार्ड सदस्य पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन दाखिल कर दिया है. नामांकन के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता से समर्थन और सहयोग की अपील की है. रानी परवीन को वार्ड सदस्य पद का प्रत्याशी बताया गया है और वे स्थानीय स्तर पर सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी रही हैं. वे फिरोज आलम की पत्नी हैं.
नामांकन दाखिल करने के बाद रानी परवीन ने कहा कि वे लंबे समय से वार्ड की समस्याओं को नजदीक से देखती और समझती आ रही हैं. क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, नाली, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर जनता को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे इन समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बनाएंगी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 19 के विकास के लिए वे ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करेंगी. उनका लक्ष्य है कि हर गली-मोहल्ले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचे और आम लोगों की आवाज नगर निगम तक मजबूती से रखी जाए. रानी परवीन ने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की समस्याओं पर ध्यान देने की बात कही. रानी परवीन ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपना बहुमूल्य समर्थन और मत देकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके. उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे वार्ड सदस्य बनने के बाद जनता के बीच हमेशा उपलब्ध रहेंगी और किसी भी समस्या के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगी. नामांकन के दौरान उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी भी देखने को मिली. समर्थकों ने उनके पक्ष में नारे लगाए और जीत का भरोसा जताया. चुनावी माहौल के बीच रानी परवीन की दावेदारी से वार्ड संख्या 19 में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. अब देखना होगा कि जनता किस प्रत्याशी पर भरोसा जताती है और वार्ड का प्रतिनिधि किसे चुनती है.







