
रामगोपाल जेना
चक्रधरपूर : राज्य की महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा मंत्री जोबा माझी ने सोनुआ प्रखंड कार्यालय में चलंत भोजनालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डीसी अरवा राजकमल, एसपी इंद्रजीत महथा, डीडीसी आदित्य रंजन भी उपस्थित थे।
मंत्री जोबा माझी ने कहा कि मिल्स ऑन व्हील्स का मकसद सभी जरूरतमंदों को ताजा भोजन उपलब्ध कराना है। निर्धन, असहाय व बुजुर्गों के अलावा वैसे तमाम परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है जिनके परिवार के सदस्य दूसरे राज्यों में काम करने गए हैं, किंतु लॉक डाउन में फंस गए हैं। मुसीबत का सामना कर रहे ऐसे लोगों को चिन्हित कर उन्हें भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश प्रशासन को दिया गया है।

दूसरी ओर उपायुक्त अरवा राजकमल ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र पुराना मनोहरपुर, हाथी नाका चौक और बच्चंमगुटू जैसे इलाकों में रह रहे लोगों को भी गर्म व ताजा भोजन उपलब्ध कराया जायेगा। जिला के उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र मनोहरपुर में आज उस क्षेत्र के निर्धन,अति गरीब, निःशक्त एवं वैसे सभी परिवार जिनके पास चूल्हा उपलब्ध नहीं है, उन सबों को गर्म एवं ताजा भोजन सुलभ करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के द्वारा संचालित पांचवे “फूड ट्रक” का शुभारंभ किया गया है।
मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय से जिला परिषद सदस्य रंजीत यादव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोहरपुर विमलेश कुमार त्रिपाठी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोहरपुर जितेंद्र पांडेय तथा अंचलाधिकारी मनोहरपुर रविश राज सिंह की उपस्थिति में प्रारंभ किए गए इस फूड ट्रक के माध्यम से इस दुर्गम क्षेत्र में बसे पुराना मनोहरपुर, हाथी नाका चौक और बच्चंमगुटू जैसे ग्रामीण इलाकों में रह रहे ग्रामीणों तक गर्म भोजन उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन का एक प्रयास है।






