नयी दिल्ली: इस साल केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून चार दिन लेट पहुंचेगा. इंडियन मीटियरोलॉजिकल डिपार्टमेंट के अनुसार मानसून 5 जून तक दक्षिणी राज्य केरल में पहुंच सकता है. आमतौर पर 1 जून को केरल में दस्तक देता है. इसके साथ ही देश में मानसून की आधिकारिक शुरुआत मानी जाती है.पिछले साल यानी 2022 में मानसून 29 मई को केरल पहुंचा था. वहीं 2021 में यह 1 जून को पहुंचा था.इस साल मानसून के सामान्य रहने का अनुमान है. अगर बारिश सामान्य रहती है तो देश में फूड ग्रेन प्रोडक्शन भी नॉर्मल रहेगा. इससे महंगाई से राहत मिल सकती है. देश में किसान आमतौर पर 1 जून से गर्मियों की फसलों की बुआई शुरू करते हैं. ये वो समय होता है जब मानसून की बारिश भारत पहुंचती है. फसल की बुआई अगस्त की शुरुआत तक जारी रहती है.(नीचे भी पढ़े)

आईएमडी ने बताया कि लॉन्ग पीरियड एवरेज की 96 फीसदी बारिश हो सकती है. यदि बारिश एलपीए के 90-95 फीसदी के बीच होती है तो इसे सामान्य से कम कहा जाता है. एलपीए 96-104 फीसदी हो तो इसे सामान्य बारिश कहा जाता है. एलपीए अगर 104 से 110 फीसदी के बीच है तो इसे सामान्य से ज्यादा बारिश कहते हैं. 110 फीसदी से ज्यादा को एक्सेस बारिश और 90 फीसदी से कम बारिश को सूखा पड़ना कहा जाता है.देश में सालभर जितनी बारिश होती है, उसका 70 फीसदी पानी दक्षिण-पश्चिम मानसून में बरसता है. अब भी हमारे देश में 70 से 80 फीसदी किसान सिंचाई के लिए बारिश के पानी पर निर्भर हैं. ऐसे में उनकी पैदावार पूरी तरह से मानसून के अच्छे या खराब रहने पर निर्भर करती है. खराब मानसून होने पर महंगाई भी बढ़ती है.












