
संतोष वर्मा
चाईबासा : जगन्नाथपुर प्रखंड मुख्यालय अंतर्गत बेलपोसी व मानिकपुर गांव के लोगों से किये वादों को गुरुवार को सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा व जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने संयुक्त रूप से पूरा किया. उन्होंने 4900 फीट पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं बैतरणी नदी का तट कटने से रोकने के लिए 375 मीटर गार्डवाल का निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया। गार्डवाल का निर्माण कार्य हो जाने से बनाईकेला गांव बाढ़ की चपेट में नहीं आयेगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। गार्डवाल का निर्माण कार्य करीब 3.75 करोड़ की लागत से होगा। इस दौरान सांसद गीता कोड़ा और विधायक सोनाराम सिंकू ने संवेदकों से कहा कि गुणवक्ता पूर्ण निर्माण कार्य करें। किसी तरह की कोताही न बरतें। यदि किसी तरह की कोताही बरती गई, तो संवेदक नपेंगे।
मालूम हो कि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के कार्यकाल में भगवान रामतीर्थ मंदिर तक पहुंचने वाली बेलपोसी से मानीकपुर 4900 फीट सड़क भले ही नहीं बन पाई, लेकिन दो दशक यानी बीस साल बाद सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा इस क्षेत्र के लोगों से किये वादों को गुरूवार को पूरा कर दिया. हलांकि क्षेत्र के लोगों पक्की सड़क पर चलने के लिए दो माह और इंतजार करना पड़ेगा। गीता कोड़ा जब जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक थीं, तभी से सरकार से उक्त सड़क निर्माण की मांग कर रही थीं। सड़क निर्माण का कार्य जिला के डीएमएफटी फण्ड से दो पार्ट में पूरा होना है और उक्त कार्य लघु सिंचाई विभाग की देख रेख में किया जायेगा। इस सड़क का महत्व इसलिए है की कोल्हान प्रमंडल में रामतीर्थ धार्मिक स्थल होने के साथ ही एक पर्यटन स्थल के रूप में विख्यात है। लेकिन रामतीर्थ धाम तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं होने के कारण लोगों को जगन्नाथपुर शहर की ओर आने के लिए हिचकोले लेने के साथ ही धूल भी फांकनी पड़ती थी। इन सभी समस्याओं को देखते हुए सांसद गीता कोड़ा अपने विधायक काल से ही सड़क निर्माण के लिए मांग कर रही थीं।

मानिकपुर स्कूल से मानिकपुर लोहार टोला तक संवेदक प्रवीण कुमार चौधरी के द्वारा 37,50,277 लाख की लागत से 1950 फीट सड़क का निर्माण कार्य किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा उक्त कार्य को पूर्ण करने के लिए 23 अप्रैल तक समय दिया गया है। वहीं दूसरी ओर बेलपोसी चौक से मानिकपुर लोहार टोला तक संवेदक ईश्वर चंद विद्यासागर को 2950 फीट पीसीसी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए 15 अप्रैल तक का समय दिया गया है तथा इस कार्य के लिए 65,84,276 लाख राशि दी गयी है।
सांसद गीता कोड़ा व जगन्नाथपुर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक सोनाराम सिंकू ने संयुक्त रूप से करीब एक करोड़ की लागत से बनने वाली इस पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया गया। साथ ही बनाईकेला में बैतरणी नदी पर गार्डवाल निर्माण का भी शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर अक्षय प्रधान, सुखदेव महतो, दिनेश प्रधान, आबिद हुसैन, जितेंद्र पुरती, सनत प्रधान, कमला महतो, राजू केराई, बसंत गोप, बबलू प्रधान, शांतनु बारिक, सरफराज आलम, चंचल यादव, अफताब आलम, मंजीत प्रधान, घनश्याम कोड़ा समेत सैकड़ो ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।








