
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत तारापोर स्कूल में बुधवार की दोपहर छुट्टी के बाद एक बाहरी युवक स्कूल परिसर में चाकू लेकर घुस गया. जब युवक को सुरक्षाकर्मी ने रोकने का प्रयास किया तो युवक ने सुरक्षाकर्मी पर ही चाकू से हमला करना शुरु कर दिया. हालांकि, इस वारदात में किसी को चोट नहीं आई है. वही इस मामले में अब तक सीतारामडेरा थाना में किसी तरह की लिखित शिकायत नहीं की गई है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज स्कूल प्रबंधन ने बरामद किया है, जिसमें युवक गार्ड पर चाकू चलाता हुआ, दिखाई दे रहा है. घटना के संबंध में बताया जाता है उक्त युवक स्कूल छुट्टी के वक्त बाहर खड़ा होकर छात्राओं से छेड़खानी कर रहा था. इसका वहां मौजूद परिजनों ने विरोध किया और युवक की पिटाई कर दी. इस दौरान स्कूल का सुरक्षाकर्मी भी पहुंचा और युवक को मारपीट कर खदेड़ दिया. स्कूल छुट्टी होने के बाद सभी परिजन वापस लौट गए. इसके बाद युवक अपने 8-10 साथियों के साथ स्कूल पहुंचा और गार्ड पर चाकू से हमला कर दिया.








