
चाईबासा : शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित शहीद दिवस समारोह में वीर योद्धाओं को नमन करते हुए चाईबासा के विधायक दीपक बीरूवा ने कहा कि कोल विद्रोह के दौरान संघर्ष की बलि वेदी पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले समस्त वीर योद्धाओं को मैं नमन करता हूं। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशन पर जिले में पहली बार जिला प्रशासन के द्वारा शहीद स्मारक स्थल पर शहीद दिवस समारोह का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री के द्वारा शहीदों के सम्मान में समारोह आयोजित करने का यह निर्देश स्पष्ट करता है कि नई सरकार हमेशा शहीदों के सम्मान के लिए कार्यरत रहेगी। मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के सहयोग से शहीद स्मारक स्थल को बेहतर ढंग से विकसित करते हुए आम जनों को इसके बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग शहीद स्मारक पर आकर वीर योद्धाओं को अपना श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
शहीद स्मारक स्थल एवं क्षेत्र के विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध
समारोह में उपायुक्त अरवा राजकमल ने कहा कि टोंटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया शहीद स्मारक स्थल एवं क्षेत्र के विकास के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। राज्य के मुख्यमंत्री महोदय के द्वारा दूरभाष पर शहीद स्थल के साथ-साथ क्षेत्र के विकास हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि स्मारक स्थल के दीवारों पर सभी अमर शहीदों के संघर्ष पर आधारित चित्रांकन को प्रदर्शित करवाया जाएगा ताकि वहां आने वाले लोगों को अमर शहीदों के त्याग और संघर्ष के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी प्राप्त कर सकें। आगे आने वाले दिनों में जिला प्रशासन के द्वारा शहीद दिवस समारोह का आयोजन और भी बेहतर तरीके से किया जाएगा।

हम लोग भाग्यशाली हैं की शहीद दिवस समारोह में हम सभी को भाग लेने का मौका मिला
समारोह में पुलिस अधीक्षक माहथा ने कहा कि हम लोग भाग्यशाली है कि शहीद दिवस समारोह में हम सभी को भाग लेने का अवसर मिला है। वीर योद्धा फोटो हो के नेतृत्व में हमारे वीर जवानों ने अंग्रेजों के अन्याय एवं दमनकारी नीति के खिलाफ संघर्ष किया और स्वतंत्रता की बलिवेदी पर अपने प्राण न्यौछावर किया है। उन्होंने कहा कि न्याय पूर्ण एवं सम्मान की व्यवस्था के लिए जो लड़ाई लड़ी गई थी, उसी व्यवस्था को आज भी कायम रखना है जिससे समाज और देश का हर व्यक्ति सम्मान के साथ अपना जीवन जी सकें और एक न्याय पूर्ण समाज का निर्माण हो सके इसके लिए हम सभी को प्रयासरत रहना होगा।
शहीद दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शहीद सम्मान सभा का आयोजन भी किया गया। सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, उपायुक्त अरवा राजकमल, पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महथा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक दीपक बिरुवा, झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुभाष बनर्जी, झामुमो नेत्री सुमी पूर्ति, जिला परिषद सदस्य रोबिन हांसदा, टोन्टो प्रखंड प्रमुख मंगल तुबिद, सेरेंगसिया के पूर्व मुखिया सुबेदार बिरुवा, मधुर नाथ सुंब्रुई आदि ने भी सेरेंगसिया शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
दस योजनाओं का शिलान्यास
सभा में वृद्धाओं के बीच कंबल वितरण किया गया, वहीं करीब सवा दो करोड़ लागत की दस योजनाओं का शिलान्यास विधायक दीपक बिरुवा ने किया। अतिथियों ने शहीदों की स्मृति में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन भी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया और उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।







