
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के पूर्वांचल स्थित सालझाटिया गांव में बीती शाम सरस्वती पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से आदित्य संडो, गुरुचरण संडो, नारायण संडो, बंकिम संडो और बिमल संडो के घर समेत घर में रखा सारा समान जल कर राख हो गया. सभी परिवार खुले आसमान के नीचे आ गये हैं. घटना की सूचना पाकर रविवार को भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सह कार्यसमिति सदस्य सरोज महापात्रा अपने समर्थकों के साथ सालझटिया-बहूलिया गांव पहुंचे और अग्नि प्रभावित पांचों परिवारों के सदस्यों से मिलकर सांत्वना दी. साथ ही अपने स्तर से प्रति परिवार को दो साड़ी,धोती, लूंगी, गमछा और 20 -20 किलो चावल देकर सहयोग किया. उन्होंने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण से दूरभाष पर बात कर प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता, प्रधानमंत्री आवास, उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही इस घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने के लिए अनुरोध किया है. उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम से बात करने के पश्चात स्थानीय प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी ने संयुक्त रूप से प्रभावितों से मिलने पहुंचे और अग्नि प्रभावित पांचों परिवार को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. मौके पर श्री महापात्रा ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बहरागोड़ा के पूर्वांचल में रात्रि प्रवास करने के बावजूद भी अग्नि प्रभावित परिवार से मिलने नही पहुंचे यह दुखद बाद है. मौके पर चित्त देहुरी, बाबला बारिक, आनंद सिंह, अरदेन्दु साव, बुधुराम संडो, प्रधान संडो, पिन्टु संडो समेत अन्य उपस्थित थे.


















