
चाकुलिया : चाकुलिया के हवाई पट्टी पर रविवार को पारा शिक्षक संघ और आंगनबाड़ी सेविका संघ की संयुक्त वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं. शिक्षक का बेहतर राष्ट्र निर्माण और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान है. पारा शिक्षक और आंगनबाड़ी की सेविका अपने कार्य और कर्तव्य का निर्वाहन बहुत ही जिम्मेदारी और ईमानदारी से कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती रघुवर दास की सरकार ने अनुबंध कर्मियों की उपेक्षा की, जिसका परिणाम रघुवर सरकार को विस चुनाव में जनता ने दे दिया है. पारा शिक्षक, आंगनबाड़ी सेविका समेत अन्य अनुबंध कर्मी संगठित होकर चुनाव में अपना मत हेमंत सोरेन की सरकार बनाने के लिए दिया और राज्य में सत्ता का परिवर्तन हुआ. उन्होंने कहा कि राज्य डंडा दिखाकर नही बल्कि जनता का दिल जीत कर प्यार से चलाया जा सकता है. कहा कि पारा शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविका की मांगें जायज है, वे उनकी मांगो को विस में रखकर सरकार को अवगत करायेंगे.

विधायक समीर महंती ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार संवेदनशील है, इस सरकार के कार्यकाल में सभी को उनका हक और अधिकार मिलेगा. मौके पर पारा शिक्षक की और से जिला सचिव गोबिंद गोप और आंगनबाड़ी सेविका की और से पुष्पा महतो ने समस्याओं को विधायक के समक्ष रखकर समाधान करने की मांग की.
समारोह के पूर्व संघ की और से विधायक समीर महंती का स्वागत गुलदस्ता देकर किया. मौके पर पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष पूर्ण चन्द्र हांसदा, सचिव अनूप महतो, लोकेश साधु, आरती महतो, रीना महतो,प्रमिला टुडू, आशीष गिरि, नियति महतो, सपन महतो, आंगनबाड़ी सेविका सवितारानी पाल, धनमती महतो, रानू महतो समेत अन्य उपस्थित थे.







