नई दिल्ली : उप राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए प्रत्याशी सीपी राधाकृष्णन ने भारी जीत दर्ज की है. उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी सुदर्शन रेड्डी को बड़े अंतर से मात देकर जीत हासिल की है. एनडीए प्रत्याशी एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन प्रथम वरीयता के कुल 452 मत हासिल कर उप राष्ट्रपति चुने गये. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान हुआ. सुबह 10 बजे संसद भवन में आरंभ हुए मतदान में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना मत डाला, जिसके बाद अन्य मतदाताओं ने भी मतदान किया. प्राप्त सूचना के अनुसार उप राष्ट्रपति चुनाव में कुल 781 मतों में से कुल 767 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इनमें से 752 मत वैध , जबकि 15 वोट अवैध पाये गए. एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को इनमें से कुल 452 मत प्राप्त हुए जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी बी सुदर्शन रेड्डी को प्रथम वरीयता के कुल 300 मत हासिल हुए. इस प्रकार श्री राधाकृष्णन श्री रेड्डी से डेढ़ सौ से अधिक मतों से विजयी रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि लोकसभा एवं रा्ज्य सभा को मिलाकर संसद में कुल 788 सांसद होते हैं. वर्तमान में दोनों सदनों को मिलाकर कुल 7 सीटें रिक्त हैं. इस तरह कुल 781 सांसदों को वोट करना था, जिनमें से 13 मतदान में शामिल नहीं हुए. इनमें बीआरएस के 4, बीजेडी के 7, अकाली दल के 1 और निर्दलीय 1 सांसद ने वोट नहीं डाला. (नीचे भी पढ़ें)
राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 मत मिले. उन्हें भारत का उपराष्ट्रपति चुना गया है. विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को प्रथम वरीयता के 300 मत मिले.’ उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 13 सांसदों ने मतदान से परहेज किया. इस सूची में बीजू जनता दल के सात, भारत राष्ट्र समिति के चार, शिरोमणि अकाली दल का एक और एक निर्दलीय सांसद शामिल हैं.














