नई दिल्ली: लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल में कांग्रेस कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की हत्या को लेकर राज्य की ममता सरकार पर सवाल खड़े किये हैं. राहुल ने ममता सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए टीएमसी कार्यकर्ताओं पर देवदीप की हत्या का आरोप लगाया एवं कहा कि पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है. यही नहीं, राहुल गांधी ने राज्य सरकार से कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार को पूर्ण सुरक्षा और मुआवजा देने की मांग भी उठाई है. (नीचे भी पढ़ें)
राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘कांग्रेस के कार्यकर्ता देवदीप चटर्जी की चुनाव बाद टीएमसी से जुड़े गुंडों द्वारा की गई हत्या बेहद निंदनीय है. पश्चिम बंगाल में आज लोकतंत्र नहीं, टीएमसी का गुंडाराज चल रहा है. वोट के बाद विरोधी आवाजों को डराना, मारना, मिटाना, यही टीएमसी का चरित्र बन चुका है. कांग्रेस की राजनीति कभी हिंसा पर नहीं टिकी, और न कभी टिकेगी। हमने भी अपने कार्यकर्ता खोए हैं, फिर भी हमने हमेशा अहिंसा और संविधान का रास्ता चुना है. यही हमारी विरासत है, यही हमारा संकल्प.’ (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही, राहुल गांधी ने जान गंवाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता के परिवार को पूर्ण सुरक्षा के साथ ही मुआवजा दिये जाने की भी मांग उठाई. उन्होंने पोस्ट में लिखा- मेरी मांग स्पष्ट है- सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी हो, कठोरतम सजा मिले और देवदीप के परिवार को पूर्ण सुरक्षा और मुआवजा सुनिश्चित किया जाए. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पोस्ट में यह भी कहा कि भारत की अहिंसा की परंपरा को कलंकित करने वाली इस राजनीति के सामने झुकेंगे नहीं, न्याय होकर रहेगा.




