नई दिल्ली : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भारत यात्रा के दौरान दिल्ली में मौजूद हैं. खबर मिली है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे, दोनों को आज रात राष्ट्रपति भवन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए रखे गए डिनर में नहीं बुलाया गया है. दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस के सांसद शशि थरूर को बुलाया गया है. यह पहली बार नहीं है जब सरकार ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से अधिक शशि थरूर को तव्वजो दी है. इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में सदस्य भेजे जाने को लेकर भी कांग्रेस की पसंद की जगह थरूर को चुना गया था. खबर है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित डिनर के लिए प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को न्योता नहीं दिया गया है. वहीं, पार्टी के तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर को इस डिनर में शामिल होने के लिए निमंत्रित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इसको लेकर कांग्रेस का रुख स्पष्ट करते हुए पार्टी नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में लिखा है कि इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या लोकसभा में विपक्ष के नेता और राज्यसभा में विपक्ष के नेता को राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में आज रात के ऑफिशियल डिनर के लिए बुलाया गया है. दोनों नेताओं को नहीं बुलाया गया है. पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के इस भोज में शामिल होने के फैसले को लेकर उन पर कटाक्ष किया और कहा कि ‘हम होते तो अंतरात्मा की आवाज’ सुनते.’ उनका यह भी कहना था कि इस निमंत्रण को स्वीकार करने वाले सवालों के घेरे में आते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उल्लेखनीय है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही मोदी सरकार पर विपक्षी नेताओं को आने वाले प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए बुलाने की परंपरा तोड़ने का आरोप लगाया था. सरकारी सूत्रों ने राहुल गांधी के आरोप को खारिज करते हुए इसे इसे बेबुनियाद बताया था. उन्होंने बताया कि 9 जून, 2024 को लोकसभा में विपक्ष के नेता बनने के बाद से, राहुल गांधी कम से कम चार दौरे पर आए राष्ट्राध्यक्षों से मिले हैं. इसमें उस समय की बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना भी शामिल हैं. सूत्रों ने यह भी साफ किया कि यह दौरा करने वाला डेलीगेशन है, न कि विदेश मंत्रालय, जो यह तय करता है कि वे सरकार के बाहर किसी से मिलेंगे या नहीं. इस बीच, राष्ट्रपति भवन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में बड़े राजकीय भोज की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं. इस कार्यक्रम में पॉलिटिक्स, बिजनेस और कल्चर समेत अलग-अलग फील्ड की जानी-मानी हस्तियों को बुलाया गया है. इसमें एक जॉइंट मिलिट्री बैंड भारत और रूस दोनों के पॉपुलर गाने परफॉर्म करेगा.



