
चाईबासा : ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल की पूरी टीम कोरोना वैश्विक महामारी के इस दौर में विकास के साथ जनसेवा में भी सहयोग को तत्पर है. इस कार्य में विशेष प्रमंडल की पूरी टीम कार्यपालक अभियंता, सुनील चंद्रनाथ, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता से लेकर तृतीय व चतुर्थ वर्गीय कर्मी भी सक्रिय हैं. ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल के अधिकारियों और कर्मियों की संयुक्त टीम ने कोरोना से बचाव संबंधित विभिन्न किट में मास्क, सैनिटाइजर, साबुन आदि का पैकेट उपलब्ध कराया. शुक्रवार को विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील चंद्र नाथ के नेतृत्व में सरनाडीह स्थित विधायक कार्यालय में कोरोना बचाव किट को चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा को सौंपा. इस अवसर पर विधायक श्री बिरुवा ने विशेष प्रमंडल के अधिकारी व कर्मियों की इस सजगता भरी पहल की सराहना की. विधायक श्री बिरुवा ने कहा कि विशेष प्रमंडल क्षेत्र के विकास को लेकर कटिबद्ध है, वहीं कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से बचाव के लिए उपकरण उपलब्ध कराया जाना सेवाभाव को दर्शाता है. विशेष प्रमंडल द्वारा उपलब्ध कराये गये किट को आम जनता के बीच वितरण किया जाएगा. इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल के सहायक अभियंता राजू मरांडी, भीम कुमार श्रीधर, शंभु रजक, जितेंद्र उरांव, अखिलेश्वर राम, दयाल महतो, देवेंद्र मुर्मू, तालेबर मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







