जमशेदपुर : सहारा इंडिया परिवार के सम्मानित जमाकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अपने भुगतान एवं अन्य मांगों को लेकर मेल एवं पत्राचार महाअभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के माध्यम से देशभर के जमाकर्ता और कार्यकर्ता अपनी समस्याओं एवं मांगों को भारत सरकार तक पहुंचा रहे हैं. सहारा इंडिया परिवार से जुड़े 13 करोड़ जमाकर्ताओं के भुगतान का मुद्दा लगातार गंभीर बना हुआ है. भुगतान में आ रही परेशानियों को लेकर जमाकर्ताओं में सरकार के प्रति नाराजगी देखी जा रही है. जमशेदपुर रीजन के अंतर्गत भी 20 लाख से अधिक जमाकर्ताओं के भुगतान प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है. वहीं, सहारा से जुड़े बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के सामने रोजगार एवं आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से भुगतान और संस्थागत गतिविधियों में आई बाधाओं के कारण उनके परिवारों के सामने आर्थिक कठिनाइयां बढ़ती जा रही हैं और कई परिवारों के सामने भूखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न होने की चिंता है. जमाकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं का कहना है कि मेल और पत्राचार के माध्यम से वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक अपनी आवाज पहुंचा रहे हैं और सरकार से अपेक्षा है कि उनकी समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान किया जाए. जमशेदपुर रीजन के जमाकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरकार से भुगतान की प्रक्रिया को सुगम बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.




