
जमशेदपुर : जमशेदपुर चैंबर आँफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक सरयू राय के साथ साकची बाजार का दौरा किया और आगजनी की घटना की जानकारी ली. इस दौरान वे प्रभावित दुकानदारों से मिले. स्थानीय व्यापारियों ने विधायक सरयू राय एवं चैंबर संरक्षक मोहनलाल अग्रवाल व हरविंदर सिंह मंटू को जली हुई दुकानों का भ्रमण कराया तथा नुकसान के बारे में विस्तृत जानकारी दी. साथ ही पूरे बाजार के अंदर दुकानों के खस्ताहाल से अवगत कराया और बाजार की मरम्मत तथा विकसित करने की मांग की. सरयू राय ने सभी व्यापारियों को आश्वस्त किया वे इस विषय पर जल्द विभाग एवं अधिकारियों से मिलकर मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे. जमशेदपुर चैंबर आफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने कहा की वे भी आपदा प्रबंधन विभाग के साथ पत्रचार करेंगे तथा अधिकारी एवं मंत्री से मिलकर मुआवजा के लिए मांग करेंगे. सरकार से एवं राज्य के मुख्यमंत्री से टाटा कमांड एरिया तथा सैरात के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बाजारों को विकसित करने की मांग करेंगे, जिससे बाजार में कोई भी अप्रिय घटना घटने की आशंका से बचा जा सके और बचाव की ठोस व्यवस्था हो. बाजार भ्रमण के दौरान मुख्य रूप से भाजमो जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, चैंबर सचिव आकाश शाह, मनोज खन्ना, उपाध्यक्ष मनोज खत्री, कमल अग्रवाल, प्रवीण सिंह, धनजी पांडे, जोगींद्र सिंह, प्रभावित दुकानदारों में विशवजीत जेना, राजकुमार यादव, अजय नाथ, राजेंद्र कुमार शेट्टी समेत अन्य उपस्थित थे.






