राजनगर: जाको राखे साइयां मार सके ना कोय यह कहावत चरितार्थ हुआ है सरायकेला- खरसावां जिला के राजनगर थाना अंतर्गत हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग पर. जहां छोटानागपुर कॉलेज के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई. जिससे कार में सवार कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से राजनगर सीएचसी लाया गया. जहां घायलों का इलाज किया गया. घटना मंगलवार की शाम करीब 3:00 बजे की है. दुर्घटना में कार दो बार पलट गई. मगर कुदरत का करिश्मा देखिए कार में सवार एक माह के नवजात को खरोंच तक नहीं आई. नवजात को उसकी मां अपने बांहों में जकड़कर रखी थी, जिससे उसे कुछ नहीं हुआ.(नीचे भी पढ़े)
वहीं तीन साल की एक बच्ची को भी कुछ नहीं हुआ. वहीं घायलों में आठ वर्षीय बच्ची समेत कुल आठ लोग घयाल हुए हैं. जिसमें 8 वर्षीय जयंती गोदसोरा, 30 वर्षीय जमुना गोदसोरा, 38 वर्षीय मंगल तियु, 35 वर्षीय विक्टर कलुंडिया, 34 वर्षीय सावित्री कलुंडिया, 18 वर्षीय पूजा सोय, 20 वर्षीय मनीषा सिदू और 39 वर्षीय संजय सिदू शामिल हैं. चालक संजय सिदू ने बताया कि वे लोग आदित्यपुर के कुलुपटंगा से राजनगर के पोटका गांव रिश्तेदार के यहां आ रहे थे. छोटानागपुर कॉलेज के समीप अचानक साइकिल सवार सामने आ गया. जिसे बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर कार दो पलटी मारते हुए खेत में घुस गयी. बाद में स्थानीय लोगों ने पहुंच कर कार को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला. पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस राजनगर सीएचसी पहुंचाया गया. वहीं डॉक्टर एसएम देमता ने कहा कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं. बच्ची को ज्यादा चोट आई है. सभी का प्राथमिक उपचार किया गया है.











