सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के पास स्थित मुक्ति पोखर के समीप मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जिलिंगबुरु गांव निवासी 35 वर्षीय राजू पूरती के रूप में हुई है. वह मंगलवार शाम मुर्गा खरीदने के लिए अपनी बाइक (जेएच05बीएफ-2665) से सरायकेला आए थे और रात में घर लौटते समय यह दुर्घटना हो गई. हादसा रात करीब 9 बजे तब हुआ जब राजू पूरती सड़क किनारे अंधेरे में खड़े एक ब्रेकडाउन हाइवा (जेएच 05डीडी-7503) से जा टकराए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा के पीछे न तो रेडियन लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी संकेतक. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे में खड़े वाहन को राजू पूरती देख नहीं सके, जिससे टक्कर हो गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा मौके पर पहुंचे. उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में राजू पूरती को सरायकेला सदर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. जिप अध्यक्ष बोदरा ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर चेतावनी संकेतक न लगाने को जिला परिवहन विभाग की गंभीर लापरवाही बताया और जिम्मेदारी तय करने की मांग की. इधर, सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में हाइवा चालक की लापरवाही की बात सामने आ रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा.



