सरायकेला : सरायकेला जिले के सरकारी शराब दुकानों में कार्यरत एजेंसी ए टू जेड के कर्मी एजेंसी की मनमानी के खिलाफ गोलबंद होने लगे हैं. गुरुवार को जिले के तमाम सरकारी शराब विक्रेता दुकानों के एजेंसी कर्मी जिला आबकारी विभाग के कार्यालय पहुंचे और एक मांग पत्र सौंपते हुए सुरक्षा की गुहार लगायी. कर्मिंयों ने एजेंसी पर पिछले आठ महीने से वेतन नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने एजेंसी के पदाधिकारियों पर शराब में मिलावट करने और तय दर से अधिक कीमत वसूलने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया. (नीचे भी पढ़ें)
कर्मियों ने कंपनी के वरीय पदाधिकारी राजेश राय, अनिल सिंह, जितेंद्र सिंह और अन्य के द्वारा जांच के नाम पर भयादोहन करने और झूठे मामलों में फंसाकर सेल्समैन पर दबाव बनाकर जेल भेजने की धमकी देने एवं पैसे की मांग करने का आरोप लगाया. कर्मियों ने बताया कि एजेंसी के पदाधिकारी जेब में निब और हाफ की बोतलों में पानी मिला शराब लेकर जांच के नाम पर दुकान में घुसते हैं और मिश्रित शराब की बोतलों को दुकान में रखकर सेल्समैन को बदनाम करते हैं और जेल भेजवाने की धमकी देकर पैसे का डिमांड करते हैं. कर्मियों ने एजेंसी के पदाधिकारियों से मुक्ति दिलाने की फरियाद लगाई.



