
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत लेटेमदा स्थित एक तालाब में पैराशूट जैसा एक अजूबा समान गिरा, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. इलाके में डर से लोग सहम गये है और सनसनी फैल गयी है. वैसे इसको देखकर पाराशूट के रुप में देखा जा रहा है. इस सामान के गिरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम पहुंची और काफी सावधानी के बीच उक्त सामान को जब्त किया गया. उधर देखते ही देखते हजारों की संख्या में ग्रामीण तालाब के आसपास जुट गए. हर कोई यह जानने को आतुर दिखा कि आखिर यह अजूबा चीज है क्या.
वहीं घटना की सूचना मिलते ही तिरुलडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शंकाओं एवं अफवाहों के बीच अजूबा सामान को बरामद कर अपने साथ थाना ले गई. फिलहाल यह अजूबा चीज क्या है इसकी जांच चल रही है. वैसे संभावना यह जताई जा रही है जो सामान बरामद किया गया है वह मौसम विभाग का परीक्षण किट है और मौसम विभाग द्वारा ही इसे छोड़ा गया है. वैसे इसकी पुष्टि किसी अधिकारी द्वारा नहीं की गई है. फिलहाल पुलिस ने इलाके के लोगों को अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है. उधर मामले की जानकारी जिले के वरीय पदाधिकारियों को दे दी गई है. वैसे यह भी आशंका जतायी जा रही है कि कुछ लोग ड्रोन का गलत इस्तेमाल कर गांव में दहशत फैलाने की कोशिश की है. वहीं गांव के लोग कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच इस तरह के सामान के गिरने को साजिश बता रहे है. दूसरी ओर, इस सामान को देखने के लिए ऐसी भीड़ जुटी कि सोशल डिस्टेंशिंग की भी हवा उड़ गयी. हालांकि, पुलिस ने बाद में लोगों को खदेड़ दिया.








