सरायकेला : सरायकेला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर स्थानीय गैरेज चौक के पास चार बैल लदे एक टाटा मैजिक गाड़ी को पकड़ा है, जबकि इसके साथ दो मवेशी तस्करों को भी पकड़ा है. पुलिस फिलहाल उनसे पूछताछ कर रही है. गिरफ्त में आए तस्करों के नाम बलराम महतो एवं ड्राइवर शिवनाथ ज्योतिष बताया जा रहा है. दोनों राजनगर के हेसल के निवासी बताये जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इस संबंध में जानकारी देते हुए सरायकेला थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राजनगर की तरफ से सरायकेला की ओर टाटा मैजिक में पशु लाद कर लाये जा रहे हैं. उन्होंने तुरत तितिरबिला पुल के पास जांच लगवाई. जैसे ही टाटा मैजिक तितिरबिला पुल के पास आया, उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका चालक पुलिस को चकमा देकर भागने लगा. पुलिस ने उसका पूछा करते हुए गैरेज चौक के पास उसे पकड़ लिया. टाटा मैजिक से तिरपाल हटाने पर उसके अंदर 4 बैल लदे मिले. उन्होंने बताया कि ड्राइवर और उस पर बैठे एक व्यक्ति से जब बैलों के कागजात मांगे गये तो वे कोई कागज नहीं दिखा पाये. थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि गाड़ी और बैल को जब्त कर लिया गया है, जबकि गाड़ी में बैठे बलराम महतो व गाड़ी के ड्राइवर शिवनाथ ज्योतिष को हिरासत में ले लिया गया है. दोनों से पूछताछ चल रही है. पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा.






