
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सटे चांडिल थाना अंतर्गत चांडिल गोलचक्कर के पास एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. इस घटना में पति पत्नी समेत एक पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है. घटना के बाद तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां अस्पताल के सर्जरी वार्ड में उनका इलाज चल रहा है. घायलों मे पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी के गणेश चंद्र गोराई, उनकी पत्नी शीतला गोराई और पांच साल की बेटी सुष्मिता गोराई शामिल हैं. गणेश के पैर में चोट आई है जबकि पत्नी और बच्ची के सिर में गहरी चोट आई है. गणेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ घाटशिला स्थित अपनी एक बहन की शादी में शामिल होने जा रहे थे. चांडिल गोलचक्कर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है.





