
जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे चांडिल थाना अंतर्गत एनएच 33 पर गिरिधारी होटल के पास बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार को धक्का मार दिया. इस घटना में बाइक चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद वाहन तेज़ी से मौके से फरार हो गया. इधर स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की पहचान सोनारी टीलू भट्टा निवासी 24 वर्षीय राजीव कुमार कुशवाहा के रूप में की गई. देर रात घटना की सूचना परिजनों को दी गई. मृतक के चाचा ऋषिकेश कुशवाहा ने बताया कि राजीव दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था. वह रांची में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम करता था. हर एक दो महीने में वह घर आता था. बुधवार को भी वह घर ही आ रहा था. देर रात किसी ने फोन कर सूचना दी कि अज्ञात वाहन के धक्के से उसकी मौत हो गई है.



