
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत गैरेज चौक वार्ड संख्या 8 स्थित एक उद्यमी पवन चौधरी से फोन पर गाली गलौज कर एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है. व्यवसाई ने इसकी लिखित शिकायत सरायकेला थाना में दर्ज करा दी है. वहीं पुलिस को किए गए शिकायत में व्यवसाई पवन चौधरी ने बताया है कि शुक्रवार रात 10:15 बजे अनजान नंबर 9602527018 से उन्हें फोन आया. फोन उनके भाई विवेक चौधरी ने रिसीव किया. सामने वाला फोन पर अश्लील गालियां देते हुए पवन चौधरी से बात कराने को कहा. पवन चौधरी ने जैसे ही फोन पर सामने वाले से बात की तो पवन चौधरी के साथ भी गाली गलौज करते हुए एक करोड़ वसूलने की बात कही. दर्ज शिकायत में पवन चौधरी ने लिखा है कि वह फोन करने वाले व्यक्ति को नहीं जानता है. वहीं दर्ज शिकायत में उन्होंने सूचित किया है कि उक्त घटना के बाद उनका पूरा परिवार दहशत में है. बताया जाता है कि धमकी देनेवाला जमशेदपुर के डिमना रोड निवासी अगरबत्ती कारोबारी शिव महेश्वरी है. वैसे बताया जा रहा है कि पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल किए गए किसी पोस्ट को लेकर शुरू हुआ है. हालांकि शिकायत दर्ज होने के बाद कारोबारी ने अपने लोगों के माध्यम से पवन चौधरी से संपर्क साधने का प्रयास किया, लेकिन पवन चौधरी कारोबारी से मिलने नहीं गए. हालांकि पूरे घटनाक्रम के पीछे उन्होंने अपने किसी करीबी के हाथ होने की संभावना जताई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है.







