सरायकेला: सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर कलानगरी सरायकेला के ऐतिहासिक कुदरसाही घाट स्थित बाबा बुद्धेश्वर महादेव पर जलार्पण करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. उधर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने संजय नदी से कांवड़ यात्रा निकाली. श्रद्धालु संजय नदी से पवित्र जल लेकर झूमते- नाचते बाबा भोलेनाथ का जयकारा लगाते हुए डीजे के धुन पर नंगे पांव लगभग 10 किलोमीटर पैदल यात्रा कर बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भोलेनाथ को जल अर्पण कर शांति सुख और समृद्धि की कामना की. उधर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. साथ ही जगह- जगह सेवा शिविर भी लगाया गया. सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी श्रद्धालुओं की सेवा करते नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि कलानगरी के कुदरसाही स्थित बाबा बुद्धेश्वर नाथ महादेव से मांगी गयी हर मुराद पूरी होती है. यहां श्रद्धालु पूरे निष्ठा भाव से पहुंचते हैं और बाबा का जलाभिषेक करते हैं. उन्होंने बताया कि यह परंपरा सदियों से चली आ रही है. मान्यता है कि सावन के तीसरे सोमवार पर बाबा बुद्धेश्वर महादेव को जल अर्पण करने से लोगों की हर मुराद पूरी होती है. उन्होंने बुद्धेश्वर महादेव से क्षेत्र के लोगों की शांति- सुख और समृद्धि की कामना की. कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह वर्धन करने के लिए जमशेदपुर से विशेष कलाकारों को बुलाया गया था. जिसमें बलदेव, त्रिपान्ना बनर्जी एवं मनप्रीत कौर टीम ने रास्ते भर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया. बता दें कि कांवार यात्रा का आयोजन अपना चौक भैरव सॉन्ग और राजबांध संघ द्वारा किया गया.



