
छोटू प्रमाणिक उर्फ सोनू. 
सागर कुमार महतो.
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के आरआइटी थाना अंतर्गत (आदित्यपुर) वार्ड-30 के बंतानगर के समीप से होकर गुजरने वाली खरकई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई. दोनों युवक 18 से 20 साल के आसपास के बताए जा रहे हैं. दोनों मृत युवकों में एक का नाम छोटू प्रमाणिक उर्फ सोनू बताया जा रहा है जबकि दूसरे का नाम सागर कुमार महतो है.
उधर घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं घटना की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जहां स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला गया. उधर स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि बनतानगर का ही रहने वाला युवक छोटू प्रमाणिक उर्फ सोनू और सागर कुमार महतो नहाने के लिए आदित्यपुर प्लेटिना सिटी के पीछे की नदी में नहाने के लिए गया था. नहाने के दौरान ही वे लोग गहरे पानी में चले गये. पानी की रफ्तार भी तेज थी. इसी तेज बहाव में दोनों युवक बहने लगे.
तीसरा युवक भी बहने लगा था, लेकिन पास ही खड़े मछुआरों ने एक युवक को बचा लिया, जबकि दोनों युवक बहने लगे. मछुआरों ने दोनों युवक को भी निकाला. चूंकि, बनतानगर का युवक था और नदी भी पास का ही था, इस कारण हल्ला सुनकर बस्ती के लोग भी नदी के पास ही पहुंच गये. नदी में दोनों को किसी तरह बाहर निकाला जा सका. तब तक पुलिस को भी सूचना मिल चुकी थी. सूचना पाकर पुलिस ने तत्काल दोनों युवक को एमजीएम लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा ही है या कुछ और. फिलहाल, परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है. इस मामले को लेकर लोगों में गम का माहौल है. पहले से ही सारे लोग लॉकडाउन और कोरोना वायरस को लेकर गम में थे कि अचानक से इस घटना ने सबको झकझोरकर रख दिया है. बताया जाता है कि नदी में युवक नहाने के लिए जाते थे. वहां पानी को लेकर भी परेशानी है, जिस कारण सारे युवक नहाने के लिए खरकई नदी में ही जाते थे. इस दौरान ही यह हादसा हो गया. चूंकि, नदी का बहाव काफी तेज है, इस कारण लोगों को नदी से अभी दूर रहने की ही हिदायत दी गयी है.

















