सरायकेला: सरायकेला जिले के पूर्व जिला शिक्षा अधीक्षक संतोष कुमार गुप्ता के भ्रष्टाचार के कारनामे अब उजागर होने लगे हैं. आपको बता दें कि जिला शिक्षा अधीक्षक रहते संतोष गुप्ता ने जितने भ्रष्टाचार किये हैं उसकी कलई अब परत दर परत खुल रही है. हालांकि शिक्षा विभाग ने उन्हें डिमोट करते हुए पाकुड़ भेज दिया है. मगर सवाल विभाग में भ्रष्टाचार का है. दरअसल संतोष गुप्ता के अधीनस्थ शिक्षक वासुदेव राम का एक ऑडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. जो न केवल शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है बल्कि एक विधायक के साथ सांठगांठ की भी कहानी बयां कर रहा है. हालांकि इसमें विधायक की कोई भूमिका नहीं है मगर ऑडियो में वासुदेव राम ने खुलकर विधायक को चुनाव में सपोर्ट करने की बात कही है जो कई सवालों को जन्म दे रहा है. (नीचे भी पढे़ं)
ऑडियो में सामने वाला कौन है इसकी पुष्टि हम नहीं करते मगर दावा किया जा रहा है कि वे किसी विधायक के रिश्तेदार हैं. वासुदेव राम एनआर गवर्मेंट स्कूल सरायकेला में पदस्थापित हैं और खुलकर पूर्व जिला शिक्षा पदाधिकारी की पैरवी कर रहे हैं. ऑडियो में साफ सुना जा सकता है कि साहब चढ़ावे की पेशकश कर रहे हैं. मतलब साफ है कि वासुदेव राम शिक्षा विभाग का एक घून है जो दीमक की तरह विभाग को चाट रहा है और इसके इशारे पर अधिकारी नाच रहे हैं. विभाग के वरीय अधिकारियों और सरकार को सोचना है कि ऐसे घून का क्या करना है. रही बात संतोष गुप्ता की तो भ्रष्टाचार के साथ उनका चोली- दामन का साथ रहा है. (नीचे भी पढे़ं)
हजारीबाग में रहते उन्होंने जो भ्रष्टाचार किया सरायकेला तक जारी रहा. हैरानी की बात ये है कि वासुदेव राम पिछले दस- पंद्रह साल से एक ही जिला में जमे हैं और खुलकर विभाग के बंदरबांट में मलाई छान रहे हैं. क्या मजाल कि उनका कोई कुछ बिगाड़ ले. उससे भी हैरानी की बात ये है कि वासुदेव राम का यह ऑडियो शिक्षा विभाग से लेकर जिला प्रशासन के लगभग सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है मगर विभाग के अधिकारी उन्हें उनसे स्पष्टीकरण मांगने से भी डर रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि वासुदेव राम बात- बात पर एसी/ एसटी एक्ट के तहत केस करने की धमकी देकर कर्मियो और अधिकारियों पर धौंस जमाते हैं.














