
राजनगर : सरायकेला- खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है. जहां टिंटीडीह पंचायत के बोड़ामतलिया गांव के समीप नाले के पास शौच करने गए एक 55 वर्षीय किसान को झुंड से बिछड़े हाथी ने कुचल कर मार डाला. मृतक की पहचान युधिष्ठिर महतो उर्फ गुड्डू महतो के रूप में की गई है. मृतक बोड़ामतलिया गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. इससे पहले सुबह करीब 5:30 बजे हाथी ने टांगरानी गांव में खेत से लौट रहे 55 वर्षीय किसान जयपाल सोय को पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. मृत जान हाथी उसे छोड़ टिंटीडीह की ओर बढ़ गया था. (नीचे देखे पूरी खबर(

उधर तीसरी घटना खीरी- भालूबासा के समीप करीब 7: 25 बजे की है. यहां भी हाथी ने 18 वर्षीय सुमित पांडा नामक युवक को पटक कर घायल कर दिया है. गंभीर रूप से घायल युवक को ईलाज के लिए आदित्यपुर शिवा नर्सिंग होम ले जाया गया है. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गयी है. बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी बोड़ाम तलिया पहाड़ी के आसपास ही जमा हुआ है. ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजनगर थाना एवं वन विभाग को दे दी है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया है.




