चांडिल : चांडिल के कुरली गांव के निवासियों ने बुधवार शाम दिन के उजाले में ही हाथियों को जंगल से निकल कर गांव की ओर आते देख ग्रामीण किसी अनहोनी की आशंका से दहले हुए थे. और रात का अंधेरा छाने पर वही हुआ. रात होते ही जंगली हाथियों के झुंड ने गांव में घुस कर चार गरीबों के घर तोड़ डाले. चारों पीड़ित मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले हैं. वैसे इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हाथियों ने घरों को रहने लायक भी नहीं छोड़ा है. ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है. (नीचे भी पढ़ें)
हाथियों का झुंड सबसे पहले गांव के बाहर बहने वाली जुड़िया की ओर पहुंचा था. गांव के उसी छोर पर तालाब और चेक डैम भी है. ग्रामीणों को अंदेशा था कि हाथी पानी की तलाश में जंगल से उतरे थे. वहीं शाम ढलने के बाद रात होते ही हाथियों का झुंड गांव में घुस आया. इस दौरान गांव के किनारे स्थित सोमचंद हांसदा, मनोहर महतो, सुमन महतो व जयलाल महतो के मकानों को हाथियों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. 30 से 35 की संख्या वाले हाथियों के झुंड ने गांव के पास ही डेरा डाल दिया है, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं. ग्रामीणों ने वन अधिकारियों से हाथियों को वापस जंगल की ओर पहुंचाने का आग्रह किया है.



