जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र की चूना शाह कॉलोनी में दबंगों ने एक वृद्धा खैरून्निशा के घर पर कब्जे का प्रयास किया और घर के सारे सामान तोड़-फोड़ कर सड़क पर फेंक दिये. यही नहीं, आरोप है कि दबंगों ने महिला की बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास भी किया. खैरुन्निसां ने गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंच कर इस मामले में एसएसपी प्रभात कुमार एवं सिटी एसपी के विजय शंकर से शिकायत की. अधिकारियों ने वृद्धा को उलीडीह थाना जाने को कहा है. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता खैरुन्निसा ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि चूना शाह कॉलोनी में उसके पिता मोहम्मद अनवर को पूरनमल अग्रवाल ने रहने के लिए जमीन दी थी, जिस पर वह विगत 50 वर्षों से घर बनाकर रह रही है. पड़ोसी सद्दाम को भी पूरनमल अग्रवाल ने जमीन दी थी, लेकिन अब सद्दाम खैरून्निसां की जमीन पर भी कब्जा करना चाहता है. सद्दाम ने 7 मई को भी अपने साथी शेरू और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर धावा बोलकर घर के सारे सामान सड़क पर फेंक दिया और घर पर कब्जे का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)
यही नहीं, उन लोगों ने खैरुन्निसा की बेटी सबा परवीन के साथ मारपीट करते हुए घर खाली कर देने की धमकी भी दी. खैरुन्निशा के अनुसार उसने इस संबंध में उलीडीह थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, किन्तु थाने से अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी ऑफिस में शिकायत की गई है.




